सोनभद्र। कस्तूरबा आवासीय विद्यालय दुद्धी का बुधवार को एसडीएम सुरेश राय ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय के भीतर कई खामियां मिली। किचन में छात्राओं को मेस में काम करते देख एसडीएम भड़क उठे। मेस में रखे आटे की बोरी में कीड़े रेंगते दिखाई दिए। मेस में बगैर सब्जी के चावल-दाल व रोटी बनी थी।
एसडीएम सुरेश राय ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए वार्डेन को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया। एसडीएम ने अध्यापकों के समक्ष कई सवाल पूछे लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिला। संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए। इस मामले में विद्यालय के किसी अभिभावक ने ही अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के दौरान कहा गया था कि कस्तूरबा विद्यालय में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। छात्रों को मिलनी वाली तमाम सुविधाओं से वंचित रखा गया है। सुरक्षा की व्यवस्था भगवान भरोसे है। एसडीएम दुद्धी ने कहा कि सूचना पर आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इसमें विद्यालय के कर्मचारियों की घोर लापरवाही सामने आई है। कड़ी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।