सर्प दंश से मृत सफीना (फाइल फोटो)। परिजन
बभनी। बड़होर गांव में सर्पदंश से कक्षा एक की छह वर्षीय छात्रा सफीना की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को स्कूल से घर लौटते समय झाड़ी में फूल तोड़ने के दौरान सांप ने उसे डस लिया था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए थे। शुक्रवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। बड़होर गांव निवासी सलाहुद्दीन की पुत्री सफीना प्राथमिक विद्यालय बड़होर प्रथम में कक्षा एक की छात्रा थी। बृहस्पतिवार को स्कूल से घर लौटते समय वह सड़क किनारे झाड़ी में फूल तोड़ने लगी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह झाड़ी में गिर गई, जहां छिपे सांप ने उसे डस लिया। घर पहुंचकर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे तत्काल सीएचसी म्योरपुर ले गए। हालत में सुधार होने पर उसे घर ले आए। शुक्रवार शाम उसकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन इसी बीच उसकी मौत हो गई। इससे परिवार में चीख-पुकार मच गई। शनिवार सुबह छात्रा के पिता ने बभनी थाने में तहरीर देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। बभनी थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सर्प दंश से मृत सफीना (फाइल फोटो)। परिजन