सदर कोतवाली क्षेत्र के सेहुआ गांव के पास खलियारी-घोरावल मार्ग पर बृहस्पतिवार को बेकाबू बस की चपेट में आने छह वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने और चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर जाम शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सेहुआ गांव निवासी मुस्तफा की बेटी नाजिया (छह) गांव स्थित स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। स्कूल से करीब ढाई बजे नाजिया घर जाने के लिए निकली। स्कूल से कुछ दूूरी पर घोरावल-खलियारी मार्ग पर राबर्ट्सगंज-बेलखुरी की तरफ जा रही एक निजी बस ने बालिका को रौंद दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों के साथ ही ग्रामीण पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मौके पर स्पीड ब्रेकर बनाने और हादसा करने वाली बस समेत उसके चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जाम की खबर पाकर फोर्स के साथ कोतवाली प्रभारी सत्यनारायण मिश्र, इंस्पेक्टर क्राइम विद्यासागर पहुंच गए। वाहन समेत चालक के खिलाफ कार्रवाई करने और संबंधित विभाग से जुड़े लोगों से स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए वार्ता करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। करीब पौन घंटे जाम लगने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा ने कहा कि घरवालों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।