सोनभद्र। गर्भवती महिला के उपचार में लापरवाही के कारण मौत मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को क्लीनिक को सील कर दिया गया। सुकृत चौकी क्षेत्र के नागनार हरैया निवासी गर्भवती महिला प्रियंका (26) पत्नी रिशु मौर्य की बृहस्पतिवार वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि इससे कुछ दिन पूर्व मधुपुर के नौगढ़ रोड़ पर स्थित एक क्लीनिक संचालक की ओर से महिला के उपचार में लापरवाही बरती गई। इसको लेकर परिजनों ने बृहस्पतिवार को जोरदार हंगामा किया था। मामले की जानकारी होने पर हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार की दोपहर बाद उक्त अस्पताल को सील कर दिया। वहीं संचालक मौके से फरार मिला। पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ. गुरु प्रकाश के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से यह कार्रवाई की गई है।