अनपरा। जनसंख्या एवं क्षेत्रफल की दृष्टि से जिले की सबसे बड़ी नगर पंचायत अनपरा में अब दिन में दो बार कूड़ा कलेक्शन किया जाएगा। नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। नगर क्षेत्र में स्वच्छता मिशन को गति देने के लिए दो बार दुकानों से कूड़ा कलेक्शन के निर्देश दिए हैं। इसके लिए मुनादी कराकर अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापारियाें से अपील भी की जा रही है। करीब पांच साल पहले नगर पंचायत अनपरा का गठन हुआ है। गांव से शहर बने इलाकों में व्यवस्थाएं चुस्त दुरुस्त रखने के लिए नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। नगर पंचायत का गठन होने के बाद से अभी अनपरा बाजार में सुबह के समय दिन में सिर्फ एक बार ही कूड़ा उठता था। बाजार खुलने के बाद व्यापारी दुकानों का कचरा डिवाइडर पर ही फेंक दिया करते थे और शाम के समय ठेला व रेहड़ी दुकानदार भी कचरा डिवाइडर पर ही फेंक दिया करते थे, जिससे शाम को बाजार में गंदगी का अंबार लग जाता था। कूड़ेदान न होने के कारण दुकानदार भी डिवाइडर पर ही कूड़ा फेंकते थे। हाल ही नगर पंचायत का चार्ज संभाले अधिशासी अधिकारी ने स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए कूड़ा कलेक्शन के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके लिए नगर पंचायत के वाहन से मुनादी कर अपील की जा रही है कि अब बाजार में 10 बजे के बाद और शाम के समय दुकानों से कूड़ा कलेक्शन के लिए कूड़ा कलेक्शन वाहन चलाया जाएगा। इसलिए बाजार में कोई भी दुकानदार अपने दुकानों का कचरा डिवाइडर या सड़क पर नही फेंकेगा। सभी दुकानदार सुबह 10 बजे के बाद और शाम को कचरा वाहन में ही कचरा देंगे। बाजार और नगर को स्वच्छ बनाने में सहयोग की लगातार अपील भी की जा रही है। अनपरा नगर पंचायत से प्रतिदिन करीब पांच टन कूड़ा निकलता है। अभी तक दिन में एक बार सुबह के समय ही कूड़ा कलेक्शन नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी करते थे। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के कड़ी में अब दिन में दो बार कूड़ा कलेक्शन करने का निर्णय लिया गया है। इससे न सिर्फ नगर के चट्टी, चौराहे सुंदर दिखेंगे, बल्कि जहां तहां गंदगी फेंकने से भी लोगों को छुटकारा मिलेगी। इससे संक्रामक बीमारियां नहीं पनप सकेंगी।