जन समस्याओं को लेकर मौलिक अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम राजेश कुमार वर्मा को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अति पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ अन्याय, अत्याचार और हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने प्रदेश में जंगलराज कायम होने का भी आरोप लगाया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि अति पिछड़े वर्ग के लिए अत्याचार निवारण कानून बनाया जाए। साथ ही राजनीति, नौकरी और शिक्षा में अलग से आरक्षण लागू किया जाए। महिला आरक्षण को 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किए जाने तथा सभी वर्गों की महिलाओं को इसका लाभ देने की भी मांग उठाई गई। एसडीएम ने ज्ञापन लेकर उसे उचित माध्यम से राष्ट्रपति तक भेजने का आश्वासन दिया। धरना-प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट संगीता विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष संजय धीमान, शिवनरेश, मनीष कुमार, मुन्नी देवी, दशरथ, आशीष कुमार, डॉ. राजेन्द्र, सुरेश और राजेश विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।