राबर्ट्सगंज कोतवाली में फर्जी आरटीओ गिरोह के सदस्य।
- फोटो : SONBHADRA
सदर कोतवली क्षेत्र के हिंदुआरी स्थित ओवरब्रिज पर सोमवार की शाम घेराबंदी कर पुलिस ने फर्जी एआरटीओ बनकर एक व्यक्ति से धोखाधड़ी करने वालों को मय स्कार्पियो पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से पांच हजार रुपये और मोबाइल बरामद हुआ। मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों का चालान करते हुए स्कार्पियो को सीज कर दिया।
सोमवार को मुगलसराय निवासी कमलेश मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। वादी का कहना था कि कुछ दिन पूर्व तीनताली गांव के पास स्कार्पियो सवार कुछ लोग एआरटीओ और पुलिस बनकर गाड़ी का कागज दिखाने के नाम पर डरा धमका कर पांच हजार रुपये ले लिए थे। मामला संज्ञान में आने पर एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने एएसपी मुख्यालय विनोद कुमार और सिटी सीओ राजकुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में राबर्ट्सगंज कोतवाल दिनेश पांडेय को आरोपियों को पकड़ने के लिए लगाया। सोमवार की शाम हिंदुआरी में फोर्स के साथ कोतवाल और पुलिस चौकी हिंदुआरी कुंवर सिंह फर्जी एआरटीओ और पुलिस बनकर ठगी करने वालों को काले रंग की स्कार्पियो के साथ धर दबोचा। कोतवाल दिनेश पांडेय ने बताया कि पकड़े गए सदर कोतवाली क्षेत्र के तुलसी पटेल निवासी निपराज गांव, सिंपू पांडेय निवासी लसड़ा और टम्मू विश्वकर्मा निवासी लसड़ा के कब्जे से पांच हजार रुपये और एक मोबाइल बरामद हुआ। तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया।