ओबरा। ओबरा के खैरटिया निवासी मर्चेंट नेवी में इंजीनियर से शेयर बाजार में निवेश कराने के नाम पर एक कंपनी ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित गोविंद कृष्ण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे मर्चेंट नेवी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। छुट्टी लेकर वह घर आए हैं। शेयर बाजार में निवेश करने के उद्देश्य से शेयर बाजार की जानकारी देने वाले व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े। ग्रुप के एडमिन ने खुद को फिसडम कंपनी का सदस्य बताते हुए शेयर बाजार में उनसे 80 हजार रुपये निवेश कराए। निवेश में लाभ मिलने पर उन्होंने कुछ रकम दो बार निकलने के साथ बाकी का पैसा कंपनी के एप में ही रहने दिया। कंपनी पर विश्वास होने के बाद उन्हें एक आईपीओ में 3.20 लाख रुपये निवेश किया। आईपीओ मार्केट में लिस्ट होने के बाद उनकी निवेश की गई राशि बढ़कर 8.13 लाख हो गई। जब उन्होंने एप से चार लाख रुपये निकालना चाहा तो कंपनी ने 30 प्रतिशत इनकम टैक्स जमा करने के नाम पर उनसे 2.44 लाख रुपये जमा करा लिया। बैंक से पैसा ट्रांसफर कर जब घर लौटकर एप से पैसा निकालना चाहा तो कंपनी ने सारा पैसा सीज कर दिया।