भदोही-मिर्जापुर सीट से बसपा से सांसद रहे और वर्तमान में भाजपा नेता नरेंद्र कुशवाहा पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। उन पर सात लाख की जमीन के बदले दो लाख रुपये देकर धोखे से बैनामा कराने का आरोप है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। उधर, पूर्व सांसद ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश करार कर दिया।
पुलिस को दी तहरीर में ऊंचडीह गांव निवासी कौशलेंद्र पांडेय ने बताया कि 2023 में पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा ने उससे प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी के पास दो बिस्वा जमीन खरीदी थी। इसका सौदा सात लाख में तय हुआ था। बैनामा संबंधी दस्तावेज में जमीन की कीमत दो लाख ही दिखाई गई। तय सौदे के मुताबिक दो लाख चेक और दो लाख नकद दिए गए। शेष तीन लाख रुपये के लिए दोनों पक्षों ने गवाहों की मौजूदगी में छह नवंबर 2023 को स्टांप लिखा। कौशलेंद्र का आरोप है कि इसके बाद पूर्व सांसद पैसा देने में टाल मटोल करने लगे। फिर देने से इन्कार कर दिया। जब वो पूर्व सांसद से पैसे की मांग करता तो उसे मुकदमे में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी जाने लगी। पुलिस की ओर से राजनीतिक दबाव में केस दर्ज नहीं किया गया। तब उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा पर आपराधिक विश्वासघात, गाली-गलौज करने और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।
जिस व्यक्ति ने आरोप लगाया है, उसे इलाज के लिए पैसे की जरूरत थी। कुछ लोगों के कहने पर मैंने जमीन खरीदी। रजिस्ट्रार के सामने ही सारा भुगतान कर दिया गया था। कोर्ट में मामला होने और मुकदमा दर्ज जाने की मुझे जानकारी नहीं है। फिलहाल जिले से बाहर हूं। छवि खराब करने के लिए विरोधियों की राजनीतिक साजिश हो सकती है। -नरेंद्र कुशवाहा, पूर्व सांसद।