ओबरा/चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र में कुड़ारी गांव के पास शुक्रवार को सोन नदी में नहाते समय पांच दोस्त डूब गए। आसपास लोगों ने काफी मशक्कत से चार युवकों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन एक युवक का देर शाम तक पता नहीं चला था। पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी रही। चारों युवक राबर्ट्सगंज से दर्शन के लिए कुंडवासिनी धाम गए थे।
सदर कोतवाली क्षेत्र के तरांवा गांव निवासी रिशु पांडेय (22) पुत्र संतोष देव पांडेय, शाहगंज के कुशहरा गांव निवासी सुरज दुबे (21) पुत्र सुरेंद्र नाथ दुबे, संजय शुक्ला (18) पुत्र मंगल प्रसाद, अमित शुक्ला (18) पुत्र सुरेश शुक्ला और शिवम सिंह (19) पुत्र चौधरी सिंह तीन बाइक से कुंडवासिनी देवी के दर्शन के लिए कुड़ारी गए थे। दर्शन-पूजन के बाद सभी घर जाने के लिए निकले। इसी बीच सोन नदी में निर्माणाधीन पुल के पास कुछ लोगों को स्नान करते देख वह भी रुक गए। सभी दोस्त नहाने के लिए नदी में उतर गए। वहां मौजूद एक नाविक ने गहराई ज्यादा होने का हवाला देते हुए आगे न जाने को आगाह किया, बावजूद सभी नहाते हुए नदी में काफी आगे निकल गए। गहरे पानी में जाने से सभी दोस्त डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर नदी के किनारे मौजूद लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े। काफी मशक्कत से संजय, अमित, शिवम और सूरज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पांचवें युवक रिशु का देर शाम तक पता नहीं चल पाया था। घटना की सूचना पाकर जुगैल थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से डूबे रिशु की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चल पाया है। सीओ ओबरा डॉ. चारु द्विवेदी ने बताया कि डूबे युवक की तलाश की जा रही है। मौके पर कानून व्यवस्था की कोई दिक्कत नहीं है।