अस्पताल में भर्ती घायल के साथ मौजूद लोग। संवाद
- फोटो : संवाद
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के खरुआंव गांव में बेलन नदी पुल के पास रविवार रात साइकिल और बाइक की टक्कर हो गई। इसमें भाई-बहन समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शाहगंज थाना क्षेत्र के कोहरौल गांव निवासी महेश कुमार विश्वकर्मा (25) पिता चंद्रप्रकाश (45) और बहन बच्ची (20) के साथ बाइक से अपने घर जा रहा था। घोरावल-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर खरुआंव गांव में बेलन पुल के पास साइकिल सवार मुडिलाडीह गांव निवासी पिंटू (35) से बाइक की भिड़ंत हो गई। घोरावल एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि हादसे में महेश, चंद्रप्रकाश, बच्ची और पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने एंबुलेंस से सभी घायलों को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया। सभी को सिर में चोट लगने और हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से महेश व चंद्रप्रकाश को ट्राॅमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया गया। महेश के परिजनों ने बताया कि उनकी खुटहा में भी घर व जमीन है। सभी लोग विवाह समारोह में शामिल होने कोहरौल जा रहे थे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र विश्वकर्मा, तुलसीदास, डॉक्टर विश्वकर्मा, रामजीत ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस 2 घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।