जिले में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रविवार को राबर्ट्सगंज के चंडी तिराहे के पास घेराबंदी कर पुलिस ने ठग गिरोह के अंतरजनपदीय चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी का चालान कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि 27 को वाराणसी के चौकाघाट काटन मिल कंपाउंड निवासी श्यामसुंदर ने पुलिस को सूचना देकर अवगत कराया था कि मौजा बरैला परगना बड़हर में स्थित उसकी संपत्ति को किसी अज्ञात व्यक्ति ने छल पूर्वक स्वयं को श्यामसुंदर बनकर बैनामा कर दिया है। इस सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर किया।
मामला संज्ञान में आने पर एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने विवेचक के अलावा एसओजी, सर्विलांस प्रभारी को भी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगाया। रविवार की शाम मुखबिर की सूचना पर राबर्ट्सगंज के चंडी तिराहे के पास फोर्स के साथ विवेचक साजिद सिद्दीकी, कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय, एसओजी प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह, सर्विलांस प्रभारी अमित सिंह ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूूसरे की जमीन बेचने में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए गुलाब सिंह पटेल निवासी पचगेड़ा थाना अदलहाट, नथूनी प्रसाद जायसवाल निवासी बेलाटाड़ शाहगंज, रमेश जायसवाल निवासी ग्राम खजुरौल अदलहाट और मनोज मिश्रा निवासी मुड़रेवा बहराइच हाल-पता परमानंदपुर वाराणसी का चालान कर दिया गया।