सोनभद्र। बाराबंकी से राबट्र्सगंज तरफ कार से आ रहे चार लोगों को पुलिस ने कट्टा-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर कार से 200 ग्राम हेरोइन (मादक पदार्थ) भी बरामद हुआ । राबट्र्सगंज कोतवाली पुलिस को यह सफलता बुधवार की देर रात मधुपुर ओवरब्रिज के पास वाहन चेकिंग के दौरान मिली। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। राबट्र्सगंज कोतवाली में बृहस्पतिवार को मामले का खुलासा करते हुए सीओ राजकुमार तिवारी ने बताया कि राबट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के निपराज गांव निवासी सतीश पटेल, चंदन बियार और गुड्डू उर्फ संतोष गुप्ता ने कार चालक सुभाष प्रजापति निवासी बभनौली से कार बुक करके रायबरेली लड़की की विदाई कराने के नाम पर ले गए। लेकिन रायबरेली न जाकर कार को बाराबंकी ले गए। इस बीच चालक सुभाष की तबियत खराब हो गई तो वह गुड्डू को गाड़ी चलाने के लिए दे दिया। वापस राबट्र्सगंज आते समय मधुपुर में पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार को रोकवा कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से दो सौ ग्राम हेरोइन, दो कट्टा, दो कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने कार चालक एवं तीनों युवकों को हिरासत में लेकर गाड़ी कोतवाली ले आई। सीओ ने बताया कि पकड़े गए चारों का संबंधित धारा में चालान किया जा रहा है। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय मौजूद रहे।