देर रात बीएचयू पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल रामचरन का भी अस्पताल में उपचार किया गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शाहगंज एसओ संजय पाल ने बताया कि घूरकर देखने के विवाद में घटना हुई है। संबंधित धाराओं में पूर्व प्रधान रामजीत मौर्य समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गड़ासे से वार कर पत्नी और बेटे की हत्या
सोनभद्र जिले से सटे बिहार के अधौरा थाना क्षेत्र के बघौता गांव में शनिवार देर शाम शिव प्रसाद यादव और उसकी पत्नी में विवाद होने लगा। वाद विवाद में छोटा बेटा धीरेंद्र (18) बीच बचाव करने लगा। नाराज शिवप्रसाद ने गड़ासे से बेटे पर कई वार कर दिए। बचाव में गई मां मुनिया देवी (42) पर भी प्रहार किया। धारदार हथियार से हमले में मां-बेटे गंभीर रूप से जख्मी हुए। दोनों को लहूलुहान छोड़ आरोपी फरार हो गया। कुछ देर बाद धीरेंद्र और मुनिया की मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी अधौरा ने मौके पर पहुंच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना पारिवारिक कलह के कारण हुई है। मृतका के बड़े बेटे सिकंदर यादव की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। कुछ साल पूर्व आरोपी ने रिश्ते में भाई लगने वाले एक युवक की हत्या कर दी थी। उसी समय से उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है।
डाला चौकी क्षेत्र के खटकर कजरहट गांव में शनिवार की रात पुराने विवाद में मारपीट के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। खटकर कजरहट गांव निवासी शिव बैगा और उसके भाई लाल बिहारी के परिवार के बीच कुछ साल पहले लकड़ी जलाने को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार रात शिव बैगा की पत्नी राजकुमारी अपने देवर लाल बिहारी व उसके परिवारवालों का नाम लेकर गाली-गलौज करने लगी।
लालबिहारी के पुत्र विनय (28) ने इस पर आपत्ति जताते हुए गाली देने से मना किया। इसे लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शिव बैगा ने लाठी से विनय पर हमला कर दिया। इससे विनय को गंभीर चोट आई। शोर सुनकर पहुंचे लाल बिहारी (55) व उसकी पत्नी शांति (51) पर भी शिव ने हमला किया।
तीनों घायलों को चोपन सीएचसी ले जाया गया जहां विनय की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात जिला अस्पताल में उपचार के दौरान विनय की मौत हो गई। एसओ ने बताया कि मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।