अनपरा। औड़ी-शक्तिनगर फोरलेन निर्माण कार्य मे संविदा कंपनी द्वारा सुरक्षा के प्रति बरती जा रही लापरवाही व सडक़ के निर्माण कार्य में मानकों की उड़ायी जा रही धज्जियो की जिलाधिकारी से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गयी है। सोर्ड एसोसिएशन फार शोसल वेलफेयर की अध्यक्ष रीना सिंह ने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में कहा कि केन्द्रीय मार्ग निधि योजना से 186 करोड़ रूपये की लागत से बन रही औड़ी-शक्तिनगर फोरलेन निर्माण में पीडब्लूडी विभाग की उदासीनता से संविदा कंपनी निम्न गुणवत्ता की सामग्री प्रयोग कर रही है। मनमानी का आलम यह है कि कचड़े व राख डालकर सडक़ की पटरियां बनायी जा रही है जो नियम विरूद्ध है। सडक़ निर्माण के बीच में बनने वाली पुलिया में भी लोकल बालू व बोल्डर का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान कहीं भी सुरक्षा के संकेतक नहीं लगाये गये है। जगह-जगह खाई नुमा सडक़ को खोदकर छोड़ दिया गया है जबकि कार्य शुरू होने के दौरान अधिकारियों ने कहा था कि आवागमन प्रभावित न हो इसका पूरा ध्यान रखा जायेगा। पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता उदय नारायण ने कहा कि जहां भी सडक़ में कचरा व निम्न गुणवता की शिकायत मिलेगी वहां से उक्त सामग्री व कचरा को हटवाकर नियमत: ही कार्य करने की छूट दी जायेगी।