रेणुकूट। पिपरी में लगातार हो रहे अवैध कब्जे को लेकर कई विभागों में खींचतान मची है। मंगलवार को क्षेत्रीय वन अधिकारी वीके पांडेय ने पिपरी थाने के समीप हो रहे अवैध निर्माण कार्य को रोकवा दिया। रेंजर वीके पांडेय का कहना है कि एक व्यक्ति रिहंद जल विद्युत परियोजना के आवास पर अवैध रूप से निर्माण कार्य करवा रहा था। मामले में वन रक्षक शैलेंद्र कुमार विमल ने पिपरी थाना में कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। रेंजर ने अवैध निर्माण के दौरान काटी गई लकड़ी को बरामद करके रेंज कार्यालय जमा करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में निर्माण कराने वाले सुनील अग्रवाल का कहना है कि वो कई वर्ष से उस आवास में रहता है। मकान पुराना हो गया था इसलिए मरम्मत करा रहा था। रेंजर वी के पांडेय ने बताया कि रिहंद बांध के आसपास की ख़ाली भूमि वन विभाग की है जिस पर अतिक्रमण करना अपराध है। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पिपरी थाने में तहरीर दी गई है।