घोरावल। दीपावली और धनतेरस के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार को एसडीएम विशाल कुमार के नेतृत्व में टीम ने घोरावल नगर और आसपास के क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो दुकानों से बर्फी और खोवा से बने खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बालेंदु शेखर मंगलमूर्ति के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर मिठाइयों की गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों की शुद्धता और साफ-सफाई की जांच की। जांच की भनक लगते ही बाजार में मिठाई समेत अन्य खाद्य पदार्थों की कई दुकानें बंद हो गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और दुकानों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम विशाल कुमार ने बताया कि मिलावटखोरी पर रोक लगाने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान त्योहारों तक लगातार जारी रहेगा।