फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कागज पर फॉगिंग, जमीन पर मिल रहा डेंगू का लार्वा

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बावजूद स्वास्थ्य विभाग कागजी घोड़े दौड़ा रहा है। प्रभावित इलाकों में डीडीटी का छिड़काव बस कागजों पर हो रहा है। नतीजा डेंगू मच्छर का लार्वा नष्ट नहीं हो पा रहा है। पांच ब्लॉकों के चिह्नित 32 उपकेंद्रों से जुड़े अधिकांश गांवों में दूसरे चरण में डीडीडी का छिड़काव अब तक नहीं हो पाया है। चोपन, दुद्धी सहित अन्य ब्लॉकों के कई उपकेंद्र डीडीटी को तरस रहे हैं।
विज्ञापन

जिले में कुछ दिनों की राहत के बाद फिर मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में पिछले दो दिनों में राबर्ट्सगंज क्षेत्र में डेंगू के दो मामलों की पुष्टि की गई है। रेणुकूट, म्योरपुर, अनपरा क्षेत्र में लगातार डेंगू का ग्राफ बढ़ रहा है। इन इलाकों में कई डेंगू पीड़ित प्लेटलेस दान करने वालों की तलाश कर रहे हैं।
पिछले साल म्योरपुर के मकरा गांव में मच्छरजनित बीमारियों के कारण 40 से अधिक मौतों के बाद भी स्वास्थ्य विभाग सबक नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के पांच ब्लॉकों में अति संवेदनशील 32 उपकेंद्रों का चयन किया है। शासन की ओर से 65 टन डीडीटी भेजी गई है। म्योरपुर में आरंगपानी, मुर्धवा, रेणुकूट, डिबुलगं सहित 17 उपकेंद्र, दुद्धी में फुलवार, दुद्धी, करहियां, बघाडू, दुम्हान सहित कुल आठ उपकेंद्र, चोपन में जुगैल, भरहरी, टापू, गुरमुरा, नगवां ब्लॉक में रामपुर, वैनी, राबर्टसगंज में केकराही उपकेंद्र को चिह्नित किया गया है। एक उपकेंद्र में चार से आठ गांव सम्मिलित हैं, जहां समय सीमा के भीतर छिड़काव करने के निर्देश थे, लेकिन यह अभियान कागजों तक सीमित रहा। हालात यह है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव और गंदगी से मच्छर पनप रहे और लोग तेजी से बीमार होने लगे हैं। अस्पतालों में बुखार, टाइफाइड के साथ संक्रमण से ग्रसित कई बीमारियों के मरीज पहुंचने लगे हैं। मगर चोपन, दुद्धी के सहित अन्य ब्लॉकों के कई गांवों में डीडीटी का पहले चरण का छिड़काव भी नहीं हुआ है।
विज्ञापन

बजट मिलने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग का रवैरा डीडीटी के छिड़काव के प्रति लापरवाही का रहा है। इसका उदाहरण पिछले साल जून महीने में देखने को मिला था। जहां राबर्ट्सगंज ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परासी दुबे के एएनएम सेंटर में भारी मात्रा में डीडीटी बरामद हुई थी। लाखों की डीडीटी की वैधता खत्म हो चुकी थी। है। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने अस्थायी गोदाम को सील करा दिया था।
जिले में स्वास्थ्य महकमा डीडीटी के छिड़काव के प्रति गंभीर नहीं हैं। ऐसे में मच्छजनित बीमारी गंभीर रूप ले सकती है। हकीकत यह है कि जिले के कई ब्लॉकों में छिड़काव के लिए भेजी गई डीडीटी गोदामों में ही कैद है, जबकि चिह्नित उपकेंद्रों में इसके छिड़काव के लिए समय सीमा तय है।
जिले में स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों से इतर डेंगू व मलेरिया के मामले काफी अधिक हैं। जिले में सैकड़ों की संख्या में ऐसे निजी क्लीनिक व पैथालाजी हैं, जहां डेंगू व मलेरिया की जांच की जा रही है। इसका कोई डाटा स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है। कहने को मलेरिया विभाग में वर्तमान समय में जिला मलेरिया अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, चार मलेरिया इंस्पेक्टर के साथ ही अन्य कर्मचारी तैनात हैं। इन पर जिले के अलग-अलग ब्लॉकों की जिम्मेदारी है। एक इंस्पेक्टर सीएमओ आवास के इर्द-गिर्द घूमते दिखते हैं।
जिले के चयनित उपकेंद्रों में डीडीटी का छिड़काव हो रहा है। जहां मरीज मिल रहे हैं, स्वास्थ्य विभाग वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रहा है। -डॉ. रमेश सिंह ठाकुर, सीएमओ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें