रॉबर्ट्सगंज स्वर्ण जयंती चौक पर सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत करते विधायक भूपेश चौबे। संवाद
डाला/म्योरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुजरात के वडनगर से काशी के लिए निकली बाइक सेवा यात्रा का सोमवार को डाला में भव्य स्वागत किया गया। डाला रामलीला मैदान के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में करीब 20 बुलडोजरों से बाइक यात्रियों पर पुष्पवर्षा की गई। करीब 2500 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर डाला पहुंचे सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। यात्रा के पहुंचने पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा नेता मुकेश जैन समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। म्योरपुर सेवा संकल्प यात्रा के म्योरपुर पहुंचने पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, गणेश जायसवाल, सुषमा सिंह, मंडल अध्यक्ष रंजीत पनिका, मोहनलाल खरवार, सुजीत अग्रहरि आदि मौजूद रहे।