दुद्धी। नगर स्थित एक अस्पताल और अल्ट्रासाउंड केंद्र पर मनमानी कर मरीजों के शोषण का आरोप लगाते हुए लोगों ने मंगलवार को हंगामा मचाया। मामला तूल पकड़ने पर संचालक ने एक मरीज के रूपये वापस कराए।
पीड़ित मरीज कालबा देवी (35) पत्नी शिव कुमार गोंड निवासी डूमरडीहा ने बताया कि पेट में दर्द होने पर उसे 28 मार्च को दुद्धी डिग्री कॉलेज मोड़ स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर में अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची। उन्हें जांच रिपोर्ट के साथ ही अल्ट्रासाउंड सेंटर वालों ने कस्बे में ही संचालित एक अन्य निजी अस्पताल में भेजदिया। पहले केंद्र पर 850 रुपये जमा कराकर उसका अल्ट्रासाउंड किया। बाद में दूसरे हॉस्पिटल में दो हजार रुपये लेकर खून जांच की गई। गर्भाशय में सूजन होने का की बीमारी बताकर 1800 की दवा दी गई। मगर दवा काम न करने पर वे दोबारा अस्पताल पहुंची। वहां दोबारा जांच के लिथए 2150 रुपये लिया गया। इसके बाद मरीज से दस हजार की मांग किया जाने लगा। सूचना पाकर प्रधान प्रतिनिधि बृजेश कुशवाहा के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पर पहुंचे और हंगामा मचाया। मरीजों की सूचना और हॉस्पिटल पर हंगामे पर 112 पुलिस भी पहुंच गई। हंगामा होते देख संचालक की ओर से एक मरीज का पांच हजार रुपये वापस कर दिया।