दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया। शुक्रवार को रजखड़ गांव में मृतका के परिजनों ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
रजखड़ निवासी हरिदास ने बताया कि घर से सौ मीटर की दूरी पर भूमि विवाद का मामला चल रहा था। भूमि कब्जा करने को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हुआ। इसमें विपक्षी ने मारपीट कर कौशल्या देवी (40) को घायल कर दिया। उसकी इलाज के दौरान दुद्धी सीएचसी में मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले को लेकर हरिदास निवासी रजखड़ ने बृहस्पतिवार को तहरीर दिया था। मामले को संज्ञान में लेकर विपक्षी मकसूदन, उसकी पत्नी रुदा देवी, पुत्र अविनाश, अनिल, बदन के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किया गया है। सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को चालान कर दिया गया।