घोरावल/म्योरपुर। जिले के घोरावल और म्योरपुर थाना क्षेत्रों में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। घोरावल में टैंपो की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि म्योरपुर में बाइक की टक्कर से पैदल जा रहीं सास-बहू और बाइक सवार युवक घायल हो गए। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के डोरिहार गांव निवासी सुनील सोनी (30) अपनी बहन नेहा सोनी (25) के साथ शनिवार अपराह्न बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान घोरावल-कोहरथा मार्ग पर एक टैंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. नदीम खान की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। वहीं, म्योरपुर थाना क्षेत्र के कस्बे में शनिवार दोपहर मस्जिद के पास कुंडाडीह मार्ग पर बाइक की टक्कर से पैदल जा रहीं लीलावती देवी (60) और उनकी बहू संगीता (33) घायल हो गईं। हादसे में बाइक सवार गड़िया निवासी सुरेंद्र (27) भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र को छुट्टी दे दी गई, जबकि घायल सास-बहू को परिजन बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।