घोरावल। उभ्भा कांड में मारे गए 11 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए घटनास्थल पर जा रहे गिरफ्तार पांच लोगों को बृहस्पतिवार रात निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। बताते चलें कि उभ्भा कांड के पीड़ित व आदिवासी 16 जुलाई बृहस्पतिवार को ही मृतकों की फोटो व माला फूल लेकर श्रद्धांजलि देने के लिए सभी लोग वहां से करीब एक किलोमीटर दूर घटनास्थल पर जाने की तैयारी करने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम जैनेंद्र सिंह व सीओ रामआशीष यादव, घोरावल एसएचओ बृजेश सिंह करीब आधे घंटे अधिकारियों ने उन लोगों को समझाया बुझाया। इसके बावजूद कई आदिवासी अपने हांथों में मृतकों की तस्वीरों को लेकर जबरदस्ती घटनास्थल पर जाने लगे। जैसे ही सभी लोग रामराज गोंड़ के यहां से निकलकर प्राथमिक विद्यालय उभ्भा के पास पहुंचे, उसी समय पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामराज गोंड़, उभ्भा कांड के मृतकों व घायलों के परिजनों बसंतलाल, लल्लू सिंह, कुंवर शाह और रामनाथ को गिरफ्तार कर लिया। सीओ राम आशीष यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी 5 लोगों को बृहस्पतिवार रात निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।