सोनभद्र। मौसम में बदलाव के साथ ही जिले में चिकन पॉक्स के मामले बढ़ने लगे हैं। शुक्रवार को जिले के एक गांव में पांच मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। मौके पर टीम भेजकर उपचार और बीमारी पर नियंत्रण के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
चोपन ब्लॉक के गायघाट गांव में तीन से चार परिवारों के सदस्यों में संक्रमक बीमारी के लक्षण दिखे। उनके शरीर पर बड़े-बड़े चकत्ते दिखने पर ग्रामीणों ने खसरे की आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची टीम ने जांच के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों को जानकारी दी। शुक्रवार को एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गायघाट गांव में संभावित मरीजों की जांच किया। वहां तीन से चार घरों के सदस्यों में चिकन पाक्स की पुष्टि हुई। इसमें एक महिला के साथ ही एक बच्ची, एक छोटा बालक व अन्य युवक व युवती शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को जरूरी सतकर्ता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिले में यह चिकन पाक्स का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी संक्रमित मिल चुके हैं। एसीएमो डॉ. प्रेमनाथ ने बताया कि चार-पांच मरीज चिकन पास्क के लक्षणों वाले मिले हैं। जिन्हें उपचार दिया गया है। सभी की स्थिति ठीक है।