सोनभद्र/दुद्धी। होटल एवं रेस्टोरेंटों में बाल मजदूरी थमने का नाम नहीं ले रहा है। बाल मजदूरी उन्मूलन के लिए मिशन शक्ति फेज 4.0 के तहत चल रहे ऑपरेशन मुक्ति अभियान के तहत बुधवार को दुद्धी के एक होटल-रेस्टोरेंट से पांच बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई सोनभद्र से शेषमणि दुबे ओआरडब्ल्यू व मानव तस्करी विरोधी इकाई से निरीक्षक रामजी यादव, उप निरीक्षक सुजीत सेठ, कांस्टेबल धनंजय ने बाल मजदूरी कराए जाने के सूचना पर दुद्धी में होटलो, ढाबा, दुकान एवं रोडवेज बस स्टैंड पर अभियान चलाकर चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान दुद्धी बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान-रेस्टोरेंट से पांच बालकों को बाल श्रम करते हुए पाया गया। बाल श्रमिकों के संबंध में मौके पर उपस्थित होटल मालिकों से बालकों के उम्र के संबंध में साक्ष्य मांगा गया, लेकिन होटल मालिक कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा पाए। सभी बालकों को टीम ने अपनी अभिरक्षा में लेते हुए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए ले जाया गया।