अनपरा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई कई चोरियों का रविवार को सीओ प्रदीप सिंह चंदेल की मौजूदगी में खुलासा हुआ। चोरी के सामानों की बरामदगी करते हुए पुलिस ने पांच चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सीओ ने बताया कि पिछले दिनों अनपरा व रेणुसागर क्षेत्र में कई चोरियां हुई थीं। मुखबिर की सूचना पर अनपरा कॉलोनी में हुई चोरियों में शामिल तीन चोरों को रविवार की सुबह परासी स्थित दुर्गा मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें दीपक पनिका, राहुल गुप्ता, संजय कुमार भारती के पास से दो लैपटॉप, दो पंखे, गैस सिलेंडर, दो एलसीडी टीवी और दो लैपटॉप के चार्जर बरामद हुए। गिरफ्तार संजय कुमार भारती पर डकैती संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। वहीं चोरी की साइकिल के साथ दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। इसमें अनपरा कॉलोनी निवासी हिमांशु व राहुल कश्यप शामिल हैं।