राॅबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ओडिशा से दिल्ली तक गांजा पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस लाइन तिराहे के पास मंगलवार की देर रात कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक सिपाही समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। सभी ढाबे के सामने खड़े होकर एक लग्जरी वाहन से दूसरे में गांजा की बोरियां रखवा रहे थे। उनके पास से खरीद-बिक्री के 5.20 लाख रुपये भी बरामद किए गए। एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए सुल्तानुपर के एसपी को पत्र भेजा गया है। पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को दोपहर बाद एसपी अभिषेक वर्मा ने मीडिया को बताया कि प्रभारी निरीक्षक राॅबर्ट्सगंज रामस्वरूप वर्मा, एसओजी-सर्विलांस प्रभारी राजेश चौबे की टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार की रात पुलिस लाइन तिराहे के पास दबिश दी। यहां एक ढाबे के सामने खड़ी दो स्काॅर्पियो में 60 किलो गांजा, खरीद-बिक्री के 5.20 लाख रुपये बरामद किए गए। एक वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। मौके से सुल्तानपुर में तैनात पुलिसकर्मी सुनील यादव सहित पांच को गिरफ्तार कर राॅबर्ट्सगंज कोतवाली लाया गया। पूछताछ के बाद सभी का एनडीपीएस एक्ट और धोखाधड़ी से जुड़ी धाराओं के तहत चालान कर दिया गया।