रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में मारपीट के आरोपी। स्रोत पुलिस
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने रविवार को मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद किया गया है। पूछताछ के बाद पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। बहुआर निवासी आभा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि गत 31 अगस्त को उनके देवर जोगेंद्र मिश्रा उर्फ लालू किराने की दुकान पर सामान लेने गए थे। वहां नामजद आरोपियों ने एक राय होकर लाठी-डंडे से उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर पहुंची आभा देवी ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों पर घर तक पीछा कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी थी। रविवार को मुखबिर की सूचना पर बहुआर-बासौली मोड़ पुलिया के पास से नामजद आरोपी अनिल कुमार पाठक, श्रीप्रकाश उर्फ शिवम पाठक, सुनील पाठक, निलेश उर्फ राजन पाठक और पंकज त्रिपाठी उर्फ लिप्पू को गिरफ्तार किया। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत के लिए चालान कर दिया गया।