बीजपुर आई टी आई कालेज नकटू में विद्यार्थियो को सी आई एस एफ के जवान आग से बचाव के गुण बताते हुए।
बीजपुर। दिवाली पर आग की घटनाओं से बचाव के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के फायर विंग रिहंद इकाई की ओर से बुधवार को आईटीआई नकटू में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संस्थान के 90 प्रशिक्षणार्थियों और कर्मचारियों को आग से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में आग लगने के प्रमुख कारणों, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और पटाखे जलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। आग लगने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने और आपातकाल में त्वरित कार्रवाई करने के तरीके भी बताए गए। इस दौरान विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसके जरिये प्रशिक्षणार्थियों और कर्मचारियों को आग लगने की शुरुआती अवस्था में उसे नियंत्रित करने के तरीकों से अवगत कराया गया। सीआईएसएफ के फायर विंग ने लोगों से अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने, पटाखों और बिजली के उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की, ताकि दिवाली सुरक्षित तरीके से मनाई जा सके।