चोपन। स्थानीय थाना क्षेत्र के अग्रवाल मार्केट में सोमवार की रात सिलाई और कॉस्मेटिक की दुकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय दुकानदार का पूरा परिवार उसी कमरे में मौजूद था। आग फैलने पर सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में करीब दो लाख रुपये की क्षति का दावा किया गया है। अग्रवाल मार्केट में बीरेंद्र शर्मा उर्फ पप्पू की दुकान है। इसमें सिलाई के बटन, धागे और अन्य कच्चे सामान के साथ कॉस्मेटिक सामग्री भी रखी थी। दुकान मालिक बीरेंद्र शर्मा उर्फ पप्पू और उनके परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर चोपन फायर सर्विस की दमकल टीम भी मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चोपन फायर सर्विस के एलएफएम अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल टीम पहुंच गई थी। आग पूरी तरह बुझा दी गई है और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। पीड़ित दुकानदार बीरेंद्र शर्मा ने बताया कि आग से करीब दो लाख रुपये मूल्य का सिलाई और कॉस्मेटिक का सामान जलकर खराब हो गया। चोपन एसओ गोपालजी गुप्ता ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।