सोनभद्र/रामगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2023-24 में करवनिया में आवंटित आवास का निर्माण दूसरी ग्राम पंचायत के रामगढ़ कस्बे में कराने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अपात्र होने के बावजूद आवास आवंटित कराया गया। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर मामला न्यायालय पहुंचा। अदालत के आदेश पर रामपुर बरकोनिया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के करवनिया निवासी हरि नरायन यादव ने आरोप लगाया है कि गांव की बबिता यादव पत्नी प्रदीप यादव प्रधानमंत्री आवास के लिए पात्र नहीं थीं। इसके बावजूद संबंधित कर्मियों की मिलीभगत से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर उन्हें योजना का लाभार्थी बना दिया गया। वर्ष 2023-24 में आवास आवंटित कर निर्माण के लिए धनराशि भी जारी की गई। आरोप है कि आवंटित स्थल करवनिया में निर्माण कराने के बजाय पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में आवास बनवाया गया, जो अलग ग्राम पंचायत में आता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इससे सरकारी राजस्व को डेढ़ लाख रुपये की क्षति हुई। उन्होंने ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। रामपुर बरकोनिया थानाध्यक्ष रामसिंहासन शर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।