सोनभद्र। जिले में संचालित फाइनेंस (पैसालो डिजिटल लिमिटेड) के कस्टमर सर्विस आफिसर ने ग्राहकों से किश्त वसूली कर 11.71 लाख हड़प लिए। संबंधित ग्राहकों को फर्जी जमा पर्ची और अदेयता प्रमाणपत्र (एनओसी) भी थमा दिए गए। मामला उजागर होने पर कंपनी के शीर्ष अफसरों ने जब इसकी जांच कराई तब पता चला कि धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़प लिए गए हैं। एसपी के निर्देश पर राॅबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट अनूप कुमार सक्सेना ने तहरीर में बताया है कि कंपनी की एक शाखा अकड़हवा पोखरा अशोक नगर रॉबर्ट्सगंज में संचालित है। वहां कोतवाली क्षेत्र के शिवखरी निवासी संजय कुमार मौर्या कस्टमर सर्विस ऑफिसर के रूप में काम करते थे। उन पर कंपनी की ओर से ऋण वितरित करना एवं वितरित किए गए ऋणों की किस्तों को एकत्रित कर कंपनी में जमा करने की जिम्मेदारी थी। जांच में पाया गया है कि उन्होंने 11,71,814 रुपये एकत्रित कर जमा करने के बजाय निजी उपयोग में ले लिया। कंपनी के कर्मचारियों/अधिकारियों ने उनसे कई बार धनराशि को जमा करने का अनुरोध किया लेकिन एक भी रुपया जमा नहीं किया। संवाद