सोनभद्र। भोजपुरी फिल्म दो दिल बंधे एक डोरी से के निर्माता-निर्देशक महाराष्ट्र के थाणे निवासी सुभाष चंद्र तिवारी (63) की मौत हार्ट अटैक से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पिछले 12 दिनों से जिले में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग कर रहे सुभाष चंद्र तिवारी नगर के पिपरी रोड स्थित होटल में ठहरे थे। इसी होटल के कमरे में वह बुधवार की सुबह बिस्तर पर मृत पाए गए। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मर्चरी में रखवा दिया था। परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। मृतक के परिजन बुधवार की देर शाम महाराष्ट्र से फ्लाइट से वाराणसी पहुंचे। वहां से कुछ रिश्तेदारों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान परिजनों ने भी साजिश की आशंका जाहिर की थी। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल से जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक के शरीर में कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। चिकित्सकों के अनुसार सुभाष की मौत हार्ट अटैक से हुई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। सदर कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक मिला है। आगे की जरूरी प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है।