सोनभद्र। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पाइप लाइन बिछाने के लिए खाेदी जाने वाली सड़काें की मरम्मत में लापरवाही करने वाली संस्थाओं पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने ऐसी सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा। इसके अलावा अप्रैल 2023 के बाद किसानों के बकाया बिजली बिल की वसूली भी न करने की हिदायत दी है।
शनिवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक में डिप्टी सीएम ने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं, शासन की योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार जानकारी ली। ओवर लोडिंग, अवैध खनन व परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनन, परिवहन व अन्य विभागों को विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर चकमार्गों, तालाबों पर अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश दिए। कहा कि इस अभियान के तहत गरीबों को छेड़े नहीं और माफियाओं को छोड़े नहीं। रात करीब साढ़े आठ बजे तक चली बैठक में डिप्टी सीएम ने क्लस्टर आवासों की वीडियो क्लीप को देखा। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए लाभार्थियों को प्रेरित कर आवास के ऊपर भी एक कमरा खुद की मेहनत से बनवाएं। कहा कि निर्माणाधीन क्लस्टर आवास का समय-समय पर निरीक्षण करें और दिक्कतों को दूर कराएं। जिले के चौमुखी विकास के लिए अधिकारियों को और बेहतर सुझाव देने व कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा। धंधरौल बांध से पेयजल के साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए पानी की सुविधा उपलब्ध कराने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद राज्य सभा रामसकल, विधायक भूपेश चौबे, डाॅ. अनिल कुमार मौर्य, डीएम चंद्र विजय सिंह, सीडीओ सौरभ गंगवार, जिलाध्यक्ष भाजपा नंदलाल गुप्ता, जिला प्रभारी अमरनाथ यादव आदि मौजूद रहे।