चोपन। डाला चौकी क्षेत्र के वार्ड-9 में छेड़खानी को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष ने पुलिस को लिखित सूचना दी है। नई बस्ती निवासी छात्रा ने डाला चौकी में तहरीर देकर बताया कि आए दिन स्कूल व मार्केट जाते समय तीन-चार लोग रास्ते में अश्लील टिप्पणी करते हुए उससे छेड़खानी करते हैं। शनिवार शाम सात बजे जब वह बाजार से घर आ रही थी तो रास्ते में एक आरोपी ने हाथ पकड़ लिया और छेड़खानी करने लगा। शोर मचाते हुए घर भागकर आ गई। आरोप है कि उसके बाद पुनः उसके घर पर दस लोग आकर गाली गलौज करते हुए धमकी देने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष से विकास और दूसरे पक्ष से दो युवक घायल हो गए। डाला चौकी में तहरीर देने के बाद सुनवाई न होने के बाद छात्रा ने रात में 1090 पर गुहार लगाई। इस संबंध में चौकी प्रभारी शिवकुमार सिंह ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर पर विकास, अनुराग, पंकज यादव, अभिनव के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।