करमा थाना क्षेत्र के पगिया गांव से पकड़ी गई खाद लदी पिकअप।- जागरूक पाठक
सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के पगिया में रविवार की रात बगैर पॉस मशीन के पिकअप पर लादकर खाद बेचे जाने का मामला पकड़ा गया। ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंची कृषि विभाग की टीम ने पिकअप पर लदी खाद की 38 बोरियों को वाहन सहित कब्जे में ले लिया। इसे कहां से लाया गया और किस आधार पर बेचा जा रहा था इसका कोई विवरण पिकअप चालक उपलब्ध नहीं करा पाया। नकली खाद होने की आशंका में सभी बोरियों से नमूने लिए गए। इसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार को रविवार की रात ग्रामीणों ने सूचना दी कि करमा थाना क्षेत्र के पगिया में राॅबर्ट्सगंज-मिर्जापुर से जुड़े संपर्क मार्ग पर अनधिकृत तरीके से पिकअप पर लदी खाद बेची जा रही है। देर रात मौके पर पहुंची कृषि विभाग और करमा पुलिस की टीम ने पाया कि बगैर किसी पॉस मशीन के अनधिकृत तरीके से खाद की बिक्री की जा रही थी। पिकअप लेकर पहुंचे व्यक्ति से इस बारे में पूछताछ की गई लेकिन वह कोई जानकारी नहीं दे सका। खाद को पिकअप सहित कब्जे में लेकर जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर लाया गया। यहां सोमवार को सभी बोरियों से जांच के लिए नमूना निकाले गए। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। चार से पांच दिन में रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। जो भी स्थिति सामने आएगी उसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।