नगवां ब्लॉक के संविलियन विद्यालय चकया में आयोजित प्रतियोगिता में मेंहदी रचातीं छात्राएं।
वैनी। नगवां ब्लॉक के संविलियन विद्यालय चकया में मंगलवार को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत एक मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, महिला एवं बालिका सुरक्षा और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना था। मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कक्षा आठ की सुंदरपरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा सात की अंजना द्वितीय और कक्षा आठ की खुशी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर की दीपिका सिंह, जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा और चाइल्ड हेल्पलाइन की सीमा शर्मा ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिला कल्याण विभाग की अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं से जोड़ने के लिए आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, बाल विवाह और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के प्रति जागरूकता फैलाई गई।