दुद्धी/महुली दुद्धी-विंढ़मगंज मार्ग पर डॉ श्यामा प्रसाद कनहर पुल के पास शुक्रवार को दो छात्राओं ने चलती बस से छलांग लगा दी। घर से कॉलेज जाने के लिए निकली छात्राओं के बस से कूदते ही अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्राओं को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। छात्राओं ने अपने साथ अनहोनी की आशंका जताई है। चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
महुअरिया और फुलवरिया गांव निवासी दो छात्राएं भाऊराव देवरस राजकीय पीजी कॉलेज में स्नातक द्वितीय वर्ष में पढ़ती हैं। शुक्रवार को वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकलीं। रोज की तरह वह फुलवार स्थित एक होटल पर खड़ी हुईं। विंढ़मगंज की तरफ से आ रही निजी बस को हाथ देकर रोका और दुद्धी जाने के लिए उसमें सवार हो गईं। बस में चढ़ने पर कोई सवारी न देख छात्राएं चौंकी। महुली बस स्टैंड पर स्टैंड पर न रूककर बस उसी गति से आगे बढ़ती गई तो छात्राएं घबराईं। छात्राओं के मुताबिक उन्होंने चालक से बस रोकने को कहा, लेकिन वह दुद्धी की तरफ तेज गति से बस लेकर आने लगा। अनहोनी की आशंका से सहमी छात्राएं कनहर पुल पार होते ही शिव मंदिर के पास बस का पिछला गेट खोलकर कूद पड़ीं।
छात्राओं को बस से कूदता देख लोगों की भीड़ जुट गई। रास्ते से गुजर रहे जोरुखाड़ के प्रधान विमल यादव ने चोटहिल छात्राओं को लोगों ने तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। बस से कूदने के कारण छात्राओं के पैर, चेहरे व सिर में कई स्थानों पर चोट आई। सीएचसी में डॉ विनोद सिंह ने उनका उपचार किया। घटना की सूचना पाकर पीआरवी और कस्बा चौकी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनसे पूछताछ की।