सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के बहुआर गांव के समीप शनिवार की रात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार ससुर की मौत हो गई। हादसे में दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की रात परासी की तरफ से बाइक पर सवार दो व्यक्ति बहुआर गांव की तरफ जा रहे थे। बहुआर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से बाइक पर बैठे राजकुमार भारती निवासी खटोली थाना राबर्ट्सगंज की मौत हो गई। उनका दामाद शैलेष (25) निवासी शाहगंज गंभीर रूप से घायल हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पीआरवी ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल ले जाने के साथ ही सदर कोतवाली के प्रभारी कोतवाल कृष्णानंद राय को अवगत कराया। कोतवाल के निर्देश पर दरोगा सतीश सिंह और राजेश पांडेय ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाकर मोर्चरी में रखवा दिया। दरोगा सतीश सिंन्ह ने बताया कि रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुुर्द कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल दामाद का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि जांच मेें पता चला है कि किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।