रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत घुआस कलां में किसानों को सिंचाई के लिए अब तक थ्री-फेज बिजली लाइन उपलब्ध नहीं हो सकी है। इसको लेकर ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पकरी गांव निवासी मुन्ना सिंह ने डीएम को दिए पत्र में बताया कि बिजली निगम की ओर से कई किसानों को सिंचाई कनेक्शन तो दे दिया गया है, लेकिन थ्री-फेज लाइन आज तक नहीं दी गई। इस समस्या को लेकर कई बार मौखिक और लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि ग्राम चौपाल के दौरान भी अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया था, इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। थ्री-फेज लाइन के अभाव में किसानों को सिंचाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी फसल प्रभावित हो रही है। किसानों ने मांग की है कि जल्द से जल्द थ्री-फेज लाइन उपलब्ध कराई जाए, ताकि सिंचाई की समस्या का समाधान हो सके।