बभनी क्षेत्र में सर्प दंश से मृतक- लल्लू प्रसाद(फाइल फोटो) स्रोत परिजन
बभनी। थाना क्षेत्र के चौना गांव में शनिवार देर रात घर का टट्टर (बांस का दरवाजा) बंद करते समय सर्प के डसने से किसान लल्लू प्रसाद (50) की मौत हो गई। घटना के बाद घरवालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सर्प को भी मार दिया। चौना गांव निवासी लल्लू प्रसाद पुत्र विद्या प्रसाद शनिवार रात घर का टट्टर बंद कर रहे थे। इसी दौरान दरवाजे के पास छिपे सर्प ने उनके पैर में डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी सोनमती का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि लल्लू प्रसाद मेहनती किसान थे और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से गांव में शोक व्याप्त है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।