स्थानीय क्षेत्र के दुम्हान गांव में एक प्रेमी युगल की अनोखी कहानी सामने आई है। प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे प्रेमी को लोगों ने पकड़ा। पहले पिटाई की। फिर उनके प्यार के आगे हार मानते हुए दोनों की शादी कराई गई। ग्रामीणों के सामने मंदिर में प्रेमी-प्रेमिका का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। मामला गत सोमवार का है। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया में सामने आने के बाद जोरों पर चर्चा है। ग्राम प्रधान सरजू यादव ने बताया कि युवक और गांव की युवती में प्रेम संबंध काफी दिनों से चल रहा था। गत सोमवार की भाेर में युवक को प्रेमिका के घर से परिजनों ने पकड़ लिया। पहले प्रेमी पर दबाव बनाया गया, लेकिन प्रेमिका भी उसी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी रही। परिजनों की नाराजगी के बावजूद दोनों की सहमति होने पर उनकी शादी कराने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों के सामने मंदिर में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। ग्राम प्रधान सरजू यादव ने कहा कि दोनों पक्षों में मामले को सुलह कराने का प्रयास काफी हद तक किया गया, लेकिन प्रेमी युगल भी एक साथ रहने की जिद पर अड़े रहे।