बीजपुर थाना क्षेत्र के डोडहर गांव में चोरी के बाद अलमारी का दृश्य दिखाते परिजन व मौके पर पासपड़ो
बीजपुर। छठ पूजा मनाने परिवार के साथ ससुराल गए व्यक्ति के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और 85 हजार रुपये नकद समेट ले गए। सोमवार की रात घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डोडहर निवासी रामसजीवन जायसवाल रविवार को परिवार के साथ छठ पूजा मनाने छत्तीसगढ़ के बिहारपुर स्थित ससुराल गए थे। सोमवार रात करीब 11 बजे लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने के झुमके, बाली, टप्स, नथुनी, नाक की कील, लॉकेट, मोहर, मांगटीका और मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषण गायब मिले। इसके अलावा चांदी की तीन पायल, एक राखी और 85 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए थे। चोरों के पीछे का दरवाजा खोलकर बाउंड्री के रास्ते भागने की आशंका जताई जा रही है। बीजपुर थाना प्रभारी अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।