बीजपुर क्षेत्र के जरहा स्थित प्राचीन अजीरेश्वर धाम मंदिर में इस बार सावन का मेला नहीं लगेगा। कोरोना के मद्देनजर प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी है। श्रद्धालु यहां केवल जलाभिषेक कर सकेंगे। जरहा स्थित प्राचीन अजीरेश्वर धाम मंदिर पर सावन महीने में भव्य मेले का आयोजन होता है। बाबा का जलाभिषेक करने के लिए भारी संख्या में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ के विभिन्न जनपदों से कांवर यात्रा लेकर श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। रविवार से सावन महीना शुरू हो रहा है। पहला सोमवार 26 जुलाई को होगा। कोरोना को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस पर रोक लगा दी है। निर्देश जारी कर कहा है कि मंदिर में प्रवेश के दौरान कोरोना गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर सकेंगे। परिसर में लगने वाले मेले पर पूरी तरह रोक प्रभावी रहेगी है। इस बाबत मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार कोरोना गाइडलाइन के तहत भक्त एक दूसरे से दो गज की दूरी व मास्क है जरूरी का ख्याल रखते हुए जलाभिषेक करेंगे।