रेणुकूट। जिले में कोरोना महामारी के प्रसार से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस लिया है। उप जिलाधिकारी दुद्धी रमेश कुमार ने रविवार को अनपरा में छह वर्ष से बंद पड़े अनपरा गैस प्लांट को शुरू कराने की कवायद शुरू की है। एसडीएम ने प्लांट का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। ऑक्सीजन की कमी न होने पाए इसको लेकर कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों ने प्लांट शुरू करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड पिपरी के साथ प्लांट का निरीक्षण करके 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने जाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने ऑक्सीजन प्लांट अधिकारी लूथरा और पीएन प्रसाद के साथ उपजिलाधिकारी ने वार्ता कर प्लांट को शीघ्र चालू कराने की योजना बनाई है। कहा कि दिन-रात अनुरक्षण कार्य कर जल्द से जल्द प्लांट को चालू किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में ऑक्सीजन की किल्लत न हो इसके लिए जिला प्रशासन ने निजी क्षेत्र के औद्योगिक संस्थानों से संपर्क साधा है। इस क्रम में एनसीएल और एनटीपीसी से ऑक्सीजन की आपूर्ति करने को कहा गया है। पूरे जिले में ऑक्सीजन की अभी कोई किल्लत नहीं है। भविष्य में ऑक्सीजन की कमी ना हो इसको लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद है।