सोनभद्र। चोपन ब्लॉक के गुरमुरा में बन रहे मंडल स्तरीय अटल आवासीय विद्यालय में नए शिक्षा सत्र से कक्षाएं संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। श्रम विभाग की तरफ से कक्षा छह में निर्धारित 80 सीटों पर छात्र-छात्राओं का प्रवेश लेने के लिए 22 अप्रैल को परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए मंडल स्तर पर 48 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगें। केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। श्रम विभाग की तरफ से नए शिक्षा सत्र 2023-24 से विद्यालय में पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है। सीबीएसई पैटर्न पर विद्यालय संचालित होगा। श्रमिकों के बच्चे अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। मंडल स्तरीय अटल आवासीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं के प्रवेश के लिए 22 अप्रैल को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहले चरण में कक्षा छह में 80 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। इसके लिए जल्द ही आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। मंडल स्तर पर प्रवेश परीक्षा कराने के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए मिर्जापुर जिले में 29, भदोही में 10 और सोनभद्र में नौ परीक्षा केंद्र बनाए जाने हैं, जहां प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक मंडल स्तर पर परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है।
वर्जन:
नए शिक्षा सत्र से अटल आवासीय विद्यालय गुरमुरा में पठन पाठन शुरू होगा। पहले चरण में कक्षा 6 में 80 सीटों पर छात्र-छात्राओं का प्रवेश लिया जाएगा। इसके लिए 22 अप्रैल को प्रवेश परीक्षा होनी है। मंडल में 48 परीक्षा केंद्र बनाएं जाएंगे। केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। - पंकज सिंह राणा, श्रमायुक्त पिपरी-मिर्जापुर।