सोनभद्र। जिला सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवाओं को अब विदेशों में भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। सेवायोजन विभाग की तरफ से सऊदी अरब में विभिन्न तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि फैब्रिकेशन सुपरवाइजर, स्ट्रक्चर फैब्रिकेटर, मैकेनिकल टेक्नीशियन, फैब्रिकेशन फोरमैन, बिल्डर, प्लम्बर टेक्नीशियन, स्ट्रक्चर वेल्डर समेत अन्य पदों पर आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक का वेतन पैकेज दिया जाएगा। विदेश में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी अपनी यूजर आईडी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 24 वर्ष निर्धारित की गई है। विभाग ने इच्छुक युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। रोजगार मिशन के अंतर्गत विकसित पोर्टल पर भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।