सोनभद्र। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और उसमें मृत्यु के अनुपात को कम करने के लिए पुलिस ने कवायद तेज कर दी है। रविवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल की अध्यक्षता में बैठक कर इसकी रूपरेखा बनाई गई। इसमें दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। घायलों को तत्काल सहायता और राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा की गई। एएसपी ऑपरेशन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए कहा गया। दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने और हादसों में कमी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।