सोनभद्र। विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज अन्तर्गत इमरती कॉलाेनी और इंद्रपुरी कालोनी में रविवार को बिजली विभाग की टीम ने सघन अभियान चलाकर बिजली कनेक्शनों की चेकिंग की। इस दौरान चोरी का बिजली उपभोग करते हुए पकड़ने पर 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके साथ ही 18 लोगों की लाइन विद्युत बिल बकाए में काटी गई।
अभियान का नेतृत्व अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार चौधरी ने किया। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय से बकाया बिल जमा करने की अपील की। कहा कि यदि बिजली चोरी करते पकड़े गए तो कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग की तरफ से अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। चेकिंग अभियान के दौरान सहायक अभियंता कृपाशंकर यादव, नरेंद्र मीणा, रामेंद्र पांडेय, अमित कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अवर अभियंता उपस्थित रहे।