फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: आंधी-बारिश का कहर, पेड़ गिरने और पोल टूटने से बिजली आपूर्ति ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। तूफानी हवाओं के साथ शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। पोल और तार टूटने से सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है तो जगह-जगह पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हुआ। पन्नूगंज में पेड़ के नीचे दबने से सगी बहनों समेत पांच लोग घायल हो गए। बिजली गिरने से कोन में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलसे गए। चार मवेशियों ने भी जान गंवाई। बारिश से सड़कों पर पानी लगने से राहगीरों को दुश्वारी झेलनी पड़ी। उधर, मौसम में आए अचानक बदलाव से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने गर्मी से भी राहत महसूस की। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। इससे आम, उर्द, मूंग व सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन

शुक्रवार की सुबह फिर से बादल छा गए। अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ देर की बारिश से नगर की सड़कों पर कई जगह पानी लग गया। वाराणसी-शक्तिनगर पर फ्लाईओवर के नीचे धर्मशाला चौक, बढ़ौली चौराहा, मंडी गेट के समीप फ्लाईओवर से पूरे दिन पानी टपकता रहा। जलनिकासी न होने से सर्विस लेन पर भी काफी देर तक पानी लगा रहा। दोपहर में कुछ देर धूप के बाद शाम को फिर अचानक मौसम ने करवट ली। करीब चार बजे तूफानी हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
कई पेड़ टूटे, तार भी टूटा
आंधी के कारण घरों पर टीन शेड, छप्पर, होर्डिंग उड़कर दूर चले गए। कई जगह पेड़ धराशायी हुए। इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में लगा पेड़ आंधी में टूटकर दूर जा गिरा। जीजीआईसी के समीप भी पेड़ टूट गया। संयोग रहा कि कोई उसकी चपेट में नहीं आया। नई बाजार के समीप ग्राम बछौधा में खेत के ऊपर से गुजरा ग्रिड का हाईटेंशन तार आंधी में गिर गया। चुर्क में तार व पोल टूटने से चुर्क फीडर से आपूर्ति ठप हो गई। सलखन में अवई गांव के पास 11 हजार वोल्ट का तार टूट कर गिरने से सलखन, अवई, मारकुंडी, गुरमा सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति बंद रही। कोन: बारिश से कोन-कचनरवा मार्ग कीचड़ युक्त हो गया। एक वर्ष पहले ही करोड़ों की लागत से इस मार्ग का निर्माण हुआ था।
विज्ञापन

आम सहित कई फसलों को नुकसान
रामगढ़। तेज आंधी से शुक्रवार को फसलों को क्षति पहुंची है। पेड़ों पर लगे आम के फल गिर गए। उर्द, मूंग और सब्जी की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। रामगढ़, पन्नूगंज, चतरा सहित आसपास के कई गांवों में आंधी ने काफी क्षति पहुंचाई। कई पेड़ और बिजली के पोल टूट गए। इससे इलाके की आपूर्ति ठप हो गई है।

पेड़ के नीचे दबने से सगी बहनों समेत पांच घायल
रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बेलौड़ी डाक बंगले के पास आंधी से गिरे पेड़ की चपेट में आने से पांच लोग घायल हो गए। घटना शाम करीब चार बजे की है। घायलों में किचार गांव निवासी मोनू (22) पुत्र श्यामलाल, चुर्क बहुअरा निवासी किरण देवी (30) पत्नी हरिदास, वाराणसी निवासी लक्ष्मी (23) पत्नी श्यामलाल, मुनिका (18) पुत्री भाईलाल व उसकी बहन शिवकुमारी (4) शामिल हैं। सभी यहां रिश्तेदारी में आए थे। आंधी-पानी से बचने के दौरान वह पेड़ की चपेट में आ गए। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां मोनू और मुनिका की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दीवार गिरने से दो युवक जख्मी
ओबरा। नगर में तेज आंधी और बारिश से विस्तारित क्षेत्र के वार्ड एक में दीवार ढह गया। उसकी चपेट में आने से 22 वर्षीय किशन कुमार व अभय गंभीर रुप से घायल हो गए। नवनिर्वाचित चेयरमैन पति पति श्रवण कुमार ने घायलों को अपने वाहन से तत्काल परियोजना अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने किशन कुमार को जिला अस्पताल भेज दिया। अभय का इलाज परियोजना अस्पताल में चल रहा है ।
बिजली गिरने से इन्वर्टर और जेनरेटर जला
रेणुसागर। अनपरा के भाठ क्षेत्र में देर शाम तेज आंधी-बारिश के साथ कई जगह बिजली गिरी। इससे जोगेंद्र गांव के पंचायत भवन का इन्वर्टर और मोबाइल कंपनी के टॉवर का जेनरेटर जल गया। कई जगह बिजली के पोल और तार भी टूटे हैं। इस कारण बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। कुछ जगहों पर बारिश के साथ ओले भी गिरे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें